Movie prime

LPG Crisis: गैस बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव, 12 सिलिंडर के बाद बतानी होगी वजह
 

 
 LPG Crisis: गैस बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव, 12 सिलिंडर के बाद बतानी होगी वजह
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने गैस बुकिंग की एक नई प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब जिन उपभोक्ताओं ने सालाना कोटे के 12 सिलिंडर रिफिल करा लिए हैं, उन्हें नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल ऐप का सहारा लेना होगा। ऐप पर उपभोक्ताओं को कुछ सवालों के जवाब देने के बाद ही गैस सिलिंडर बुक हो सकेगा।

बताया जा रहा है कि इस नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं से परिवार के सदस्यों की संख्या, घर में मेहमानों का आना, शादी, भंडारा या किसी अन्य कार्यक्रम की जानकारी देनी होगी। इन सवालों का जवाब देने के बाद ही अतिरिक्त सिलिंडर की बुकिंग की अनुमति मिलेगी।

बरेली जिले में करीब 10 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 4.16 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं। रविवार से लागू हुए इस नियम की जानकारी शुरुआत में गैस एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं को भी नहीं थी। सुबह से मोबाइल फोन से बुकिंग की कोशिश कर रहे कई लोग असफल होने पर गैस एजेंसियों पर पहुंच गए। एजेंसी स्टाफ को भी इस बदलाव की जानकारी नहीं थी। बाद में संचालकों ने कंपनी अधिकारियों से संपर्क किया, तब इस नई प्रक्रिया के बारे में पता चला।

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श गुप्ता के अनुसार, एक वित्त वर्ष में उपभोक्ता अधिकतम 12 सिलिंडर ले सकते हैं और कई उपभोक्ताओं का कोटा पहले ही पूरा हो चुका है। ऐसे में कंपनी ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत अब अतिरिक्त सिलिंडर के लिए मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सवालों के जवाब देना अनिवार्य होगा।

हालांकि इस नई व्यवस्था से कई उपभोक्ताओं को परेशानी होने की आशंका है। आज भी बड़ी संख्या में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कीपैड फोन का इस्तेमाल करते हैं या स्मार्टफोन चलाने में असहज हैं। ऐसे में उन्हें गैस बुकिंग के लिए एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।

बुकिंग के दौरान पूछे जाएंगे ये सवाल:

* क्या परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं?
* क्या घर में मेहमान आए हुए हैं?
* क्या शादी, भंडारा या कोई अन्य कार्यक्रम है?
* क्या गैस का उपयोग अन्य घरेलू जरूरतों के लिए किया जा रहा है?

वहीं बदायूं जिले में कॉमर्शियल सिलिंडर उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार से कॉमर्शियल सिलिंडरों की 20 प्रतिशत अतिरिक्त आपूर्ति शुरू हो सकती है। होटल संचालकों और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों का ब्योरा पेट्रोलियम कंपनी को भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद कई होटल और ढाबा संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कुछ लोगों को अपना कारोबार बंद करना पड़ा, जबकि कई लोग भट्ठी का इस्तेमाल कर काम चला रहे थे। अब सरकार की ओर से अतिरिक्त गैस आपूर्ति शुरू होने से व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। बदायूं जिले में कॉमर्शियल सिलिंडर के कुल 862 उपभोक्ता हैं, जिन्हें नए नियमों के आधार पर सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।