LPG Crisis: 47 हजार मीट्रिक टन गैस के साथ ‘नंदा देवी’ भारत पहुंची, लगातार दूसरे दिन मिली राहत
नई दिल्ली। देश में एलपीजी संकट की आशंकाओं के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित पार करते हुए एलपीजी गैस से लदा दूसरा बड़ा जहाज ‘नंदा देवी’ भारत पहुंच चुका है। यह जहाज गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर 47 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर पहुंचा है।
इससे पहले सोमवार को ‘शिवालिक’ जहाज भी एलपीजी गैस लेकर भारत पहुंचा था। लगातार दूसरे दिन एलपीजी की आपूर्ति होने से देश के लिए इसे बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं ‘जग लाडली’ नाम का एक और जहाज, जिसमें कच्चा तेल लोड है, आज भारत पहुंचने की संभावना है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता दिखाते हुए ईरान से बातचीत के जरिए समाधान निकाला है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री के बीच कई दौर की बातचीत के बाद भारतीय जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की विशेष अनुमति मिली है।
इधर, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि देश में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन पीएनजी, सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। साथ ही देश के किसी हिस्से से ईंधन की कमी की कोई सूचना नहीं मिली है।
सरकारी तेल कंपनियों ने भी स्थिति को संभालने के लिए एलपीजी उत्पादन में 36 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है, जिससे आने वाले दिनों में आपूर्ति और बेहतर होने की उम्मीद है।
