मुर्शिदाबाद में रेलवे क्रॉसिंग पर बड़ा हादसा, स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर, 3 बच्चों समेत 4 की मौत
मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 3 स्कूली बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। हादसा बहरामपुर इलाके में कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक खुला होने के दौरान विद्यार्थियों से भरी एक स्कूल वैन तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। स्कूल वैन बच्चों को लेकर रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी। इसी दौरान निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंची और वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गेटमैन की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर पहले अप लाइन से एक ट्रेन गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बंद था। ट्रेन के गुजरने के बाद फाटक खोल दिया गया। इसी दौरान स्कूल वैन क्रॉसिंग पार करने लगी, लेकिन विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन के लिए फाटक दोबारा बंद नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते रेलवे फाटक बंद कर दिया जाता तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद रेलवे गेटमैन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वैन में सवार थे 8 लोग
बताया जा रहा है कि स्कूल वैन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। ट्रेन की चपेट में एक साइकिल सवार भी आ गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को वैन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेलवे ने जांच के दिए आदेश
पूर्वी रेलवे ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे की ओर से एक विशेष जांच दल घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के समय गेटमैन ड्यूटी पर मौजूद था या नहीं और यदि मौजूद था तो उसने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
