Movie prime

दिल्ली में बड़ा हादसा: रोहिणी में निर्माणाधीन 5 मंजिला इमारत ढही, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

 
,...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में कई मजदूरों और अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया।

JCB और कटर मशीन से हटाया जा रहा मलबा

मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए जेसीबी समेत भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। वहीं, फायर ब्रिगेड के जवान कटर मशीन से कंक्रीट के लिंटर को काटकर सुरक्षित रास्ता बनाने में जुटे हैं, ताकि अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मलबे में कितने लोग फंसे हैं। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

रेस्क्यू के दौरान जवान बढ़ा रहे हौसला

बचाव अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मी मलबे में फंसे लोगों का हौसला बढ़ाते हुए लगातार उन्हें सुरक्षित निकालने का भरोसा दिला रहे हैं। घटनास्थल से रेस्क्यू ऑपरेशन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जवान पूरी मुस्तैदी के साथ राहत कार्य करते नजर आ रहे हैं।

फिलहाल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।