महाराष्ट्र में बड़ा हादसा: हनुमान मंदिर के सभा मंडप की छत गिरी, 30-40 श्रद्धालु मलबे में दबे
परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने निर्माणाधीन सभा मंडप (सभा हॉल) की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। प्रारंभिक आशंका के मुताबिक, 30 से 40 श्रद्धालु मलबे में फंस गए हैं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
शनिवार होने के कारण मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। घायलों को निकालने के लिए कई एंबुलेंस घटनास्थल पर तैनात की गई हैं। हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं को इलाज के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिले की गार्जियन मंत्री मेघना बोर्डिकर ने भी स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक संसाधन और राहत टीम मौके पर भेजी है। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान लगातार जारी है।
