दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग, 20 से अधिक लोगों की मौत; जान बचाने को इमारत से कूदे लोग
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित हौजरानी के एक रेस्तरां में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। आग इतनी भयावह थी कि जान बचाने के लिए कई लोगों को इमारत से नीचे कूदना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रेस्तरां इमारत के बेसमेंट में संचालित हो रहा था। आग लगने के बाद उसने तेजी से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते धुएं और आग की लपटों ने पूरे परिसर को घेर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि हादसे में 20 लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सुबह 8:50 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर (डीओ) रविंदर स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
