राजस्थान रिफाइनरी में भीषण आग, PM मोदी कल करने वाले थे उद्घाटन
बालोतरा: राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार (20 अप्रैल) को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की घटना उस समय हुई जब अगले दिन प्रधानमंत्री Narendra Modi को इस रिफाइनरी का लोकार्पण करना था। हादसे के बाद पीएम का राजस्थान दौरा स्थगित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी के ‘क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट’ में आग लगी थी। आग इतनी भयावह थी कि उसे बुझाने के लिए करीब 50 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात करना पड़ा। दमकल कर्मियों और आपातकालीन टीमों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी को रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ एक जनसभा को भी संबोधित करना था, लेकिन आग लगने की वजह से पूरा कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है। मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma के कार्यालय ने भी पीएम के कार्यक्रम के स्थगित होने की पुष्टि की है। मुख्यमंत्री को भी सोमवार शाम पचपदरा पहुंचना था।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री Ashok Gehlot ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान के लिए गर्व की परियोजना है और उद्घाटन से ठीक पहले ऐसी घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सभी की सुरक्षा की कामना की।
