‘ईश्वर उन्हें यह अपमान सहने की शक्ति दे…’ मुख्यमंत्री भगवंत मान का BJP पर कटाक्ष
Chandigarh : मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति पर तंज कसते हुए कहा कि बरनाला में कांग्रेस से चुनाव हार चुके नेता को अब बीजेपी ने बड़ी जिम्मेदारी दे दी है. उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के लिए “संवेदनाएं” भी जताईं।
सीएम मान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 2017-2019 और 2024 के चुनावों में हार का सामना करने वाले केवल ढिल्लों को बीजेपी अध्यक्ष बनने पर बधाई, जबकि सुनील जाखड़ के लिए उन्होंने “हार्दिक संवेदनाएं” व्यक्त कीं। साथ ही उन्होंने बीजेपी नेताओं रवनीत सिंह बिट्टू, मनप्रीत सिंह बादल, फतेहजंग सिंह बाजवा, तरूण चुघ और अश्वनी शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि “ईश्वर उन्हें यह अपमान सहने की शक्ति दे।”
कौन हैं केवल सिंह ढिल्लों?
केवल सिंह ढिल्लों पंजाब की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं. वह बरनाला से दो बार कांग्रेस विधायक रह चुके हैं और साल 2022 में बीजेपी में शामिल हुए थे. बाद में उन्हें पंजाब बीजेपी का उपाध्यक्ष बनाया गया. उन्हें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है।
ढिल्लों ने 2024 में बरनाला उपचुनाव भी लड़ा था. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने दावा किया कि बीजेपी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
AAP पर भी साधा निशाना
नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने पंजाब की जनता से जो वादे किए थे, वे चार साल बाद भी पूरे नहीं हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बीजेपी पंजाब में अपनी स्थिति और मजबूत करेगी।
