2000 रुपये किराए के बदले नाबालिग बेटी और पत्नी का यौन शोषण, पिता-मकान मालिक गिरफ्तार
मोरबी (गुजरात): गुजरात के मोरबी जिले में एक बेहद सनसनीखेज और निंदनीय मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी के कारण किराया नहीं चुकाने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने मकान मालिक को अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी का यौन शोषण करने की अनुमति दे दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से सुरेंद्रनगर जिले का रहने वाला है। करीब छह महीने पहले रोजगार की तलाश में यह परिवार मोरबी आया था। यहां उन्होंने 2000 रुपये मासिक किराए पर एक मकान लिया। चार महीने तक किराया न चुकाने के बाद पिता ने बकाया किराए के एवज में मकान मालिक को अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने की अनुमति दे दी।
मामला तब सामने आया जब नाबालिग लड़की की नानी को इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने मोरबी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग की पिता और मकान मालिक दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मोरबी के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस जेएम लाल ने बताया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस को मामले में एक तीसरे व्यक्ति के भी शामिल होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है। जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण की गहन छानबीन कर रही हैं। पीड़ित महिला और नाबालिग बच्ची को सुरक्षा के साथ-साथ कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
यह मामला गुजरात में महिला-बाल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। पुलिस आगे की जांच में और खुलासे होने की उम्मीद जता रही है।
