Movie prime

अग्निवीरों के लिए मोदी सरकार का बड़ा फैसला, SSB कांस्टेबल भर्ती में 50% पद होंगे आरक्षित
 

 
 अग्निवीरों के लिए मोदी सरकार का बड़ा फैसला, SSB कांस्टेबल भर्ती में 50% पद होंगे आरक्षित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चार साल की सेवा पूरी कर रिटायर होने वाले अग्निवीरों के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब सशस्त्र सीमा बल (SSB) में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) की भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को 50 प्रतिशत पदों पर आरक्षण मिलेगा। गृह मंत्रालय ने सशस्त्र सीमा बल (कॉम्बैटाइज्ड जनरल ड्यूटी) ग्रुप 'सी' पोस्ट्स रिक्रूटमेंट रूल्स, 2026 को अधिसूचित कर दिया है।

नए नियमों के तहत एसएसबी में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पदों पर होने वाली हर भर्ती में आधी रिक्तियां पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रहेंगी। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना ने साल 2011 के भर्ती नियमों की जगह ले ली है।

दो चरणों में होगी भर्ती प्रक्रिया

सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी तय कर दी है। इसके अनुसार भर्ती दो चरणों में होगी।

  • पहले चरण में पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित 50 प्रतिशत पदों पर भर्ती की जाएगी।
  • यदि इन पदों पर रिक्तियां बच जाती हैं तो दूसरे चरण में बाकी पदों के साथ खुली प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से भर्ती होगी।
  • उम्र सीमा में भी मिलेगी छूट

नए नियमों में पूर्व अग्निवीरों को आयु सीमा में विशेष राहत दी गई है।

अग्निवीरों के पहले बैच को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की छूट मिलेगी।
बाद के बैचों को 3 साल तक की छूट दी जाएगी।

इसके अलावा पात्र पूर्व अग्निवीरों को नियमों के अनुसार लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से भी छूट मिल सकती है।

CAPF और असम राइफल्स में भी लागू होगा प्रावधा

लोकसभा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया था कि सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) और असम राइफल्स में कांस्टेबल भर्ती के लिए पूर्व अग्निवीरों की एक अलग श्रेणी बनाई है।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पूर्व अग्निवीरों को 50 प्रतिशत आरक्षण, आयु सीमा में छूट और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।

SSB में हजारों पदों को मिली मंजूरी

नए भर्ती नियमों के तहत एसएसबी में अलग-अलग पदों की संख्या भी निर्धारित की गई है।

असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (GD)  — 5,886 पद
हेड कांस्टेबल (GD)              — 13,358 पद
कांस्टेबल (GD)                    — 54,109 पद

कांस्टेबल (GD) पद के लिए सामान्य उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 23 वर्ष रखी गई है। उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य होगा और उसे मेडिकल व शारीरिक रूप से फिट होना जरूरी है।

भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा करता है SSB

सशस्त्र सीमा बल (SSB) केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाला सुरक्षा बल है। इसकी मुख्य जिम्मेदारी भारत-नेपाल सीमा की करीब 1,751 किलोमीटर और भारत-भूटान सीमा की करीब 699 किलोमीटर लंबी सीमा की सुरक्षा करना है। जरूरत पड़ने पर एसएसबी को देश के अन्य हिस्सों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी तैनात किया जाता है।