मां, मुझे माफ कर देना... NEET अभ्यर्थी ने वीडियो भेजा, फिर कुएं में कूदकर की आत्महत्या
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 18 वर्षीय NEET (UG) अभ्यर्थी ने कथित तौर पर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले छात्र ने अपने मोबाइल फोन पर 33 सेकंड का एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह अपनी मां से माफी मांगते हुए नजर आया।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र का नाम सुशील धागे था, जिसने 21 जून को NEET (UG) की पुनर्परीक्षा में हिस्सा लिया था। यह पुनर्परीक्षा 3 मई को आयोजित परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द किए जाने के चलते कराई गई थी।
वीडियो में मां से भावुक अपील
आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में सुशील रोते हुए अपनी मां से कहता है कि वह अपनी जान देने जा रहा है। उसने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा—
“मां, प्लीज चिंता मत करना। अगले जन्म में मैं फिर तुम्हारी कोख से जन्म लूंगा और तुम्हें कभी दुख नहीं दूंगा।”
उसने आगे कहा कि उसे माफ कर दिया जाए और वह मानसिक रूप से बहुत गहरे तनाव में है। वीडियो में वह अपने परिवार को भी खुद का ख्याल रखने की अपील करता है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो उसने आत्महत्या से पहले अपने परिजनों को भेजा था, जिसके बाद उसने बुधवार को कुएं में कूदकर जान दे दी।
परीक्षा तनाव को बताया जा रहा कारण
परिवार की शिकायत के अनुसार, सुशील NEET पुनर्परीक्षा को लेकर काफी तनाव में था। परीक्षा को वह अत्यधिक कठिन मान रहा था और इसी दबाव में वह मानसिक रूप से टूट गया।
गौरतलब है कि 3 मई को देशभर में NEET (UG) परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। मामले की जांच सीबीआई कर रही है, जिसने पुणे के एक केमिस्ट्री लेक्चरर को मुख्य आरोपी बताते हुए गिरफ्तार भी किया है।
