Movie prime

UCC के खिलाफ मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, जयपुर में पुलिस से तीखी बहस के बाद सौंपा ज्ञापन

 
UCC के खिलाफ मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, जयपुर में पुलिस से तीखी बहस के बाद सौंपा ज्ञापन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Jaipur : समान नागरिक संहिता (UCC) के विरोध में शुक्रवार, 21 अगस्त को जयपुर में मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और UCC के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इससे पहले नमाज के दौरान भी UCC के विरोध और अपनी मांगों को लेकर विशेष दुआ की गई।

नमाज के बाद मुस्लिम मुसाफिर खाने में हुई सभा

नमाज के बाद पिंकसिटी स्थित मुस्लिम मुसाफिर खाने में सभा आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हुईं। सभा के बाद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर कूच करने के लिए रवाना हुए।

पुलिस ने रोका तो हुई तीखी बहस

मुसाफिर खाने के गेट पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भीड़ की संख्या को देखते हुए पुलिस को प्रदर्शनकारियों को आगे जाने देना पड़ा।

इसके बाद मोती डूंगरी रोड चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

विधानसभा की ओर आगे जाने की अनुमति नहीं मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को अपना ज्ञापन सौंपा। इसके बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।

प्रदर्शन के दौरान जमात-ए-इस्लामी हिंद के प्रदेश अध्यक्ष नाजिमुद्दीन समेत अन्य वक्ताओं ने UCC को संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि समान नागरिक संहिता के जरिए देश की सांस्कृतिक और धार्मिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है तथा लोगों की मजहबी आजादी पर असर पड़ सकता है।

सरकार को बड़े आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा गया था, लेकिन उन्हें समय नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में पूरे राजस्थान में इससे बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे।