Movie prime

NEET 2026 पेपर लीक: परीक्षा से 15 दिन पहले 150 पेज का गेस पेपर पहुंचा, 120 सवाल exact मैच
 

 
 NEET 2026 पेपर लीक: परीक्षा से 15 दिन पहले 150 पेज का गेस पेपर पहुंचा, 120 सवाल exact मैच
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच में बड़े खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, मेडिकल प्रवेश परीक्षा से करीब 15 दिन से लेकर 1 महीने पहले तक एक 150 पेज का ‘गेस पेपर’ या Question Bank छात्रों के बीच तेजी से सर्कुलेट हो रहा था। इस क्वेश्चन बैंक में करीब 410 सवाल शामिल थे, जिनमें से लगभग 120 सवाल NEET परीक्षा के केमिस्ट्री सेक्शन में हूबहू पूछे गए।

राजस्थान SOG के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) विशाल बंसल ने बताया कि जांच में यह सामने आया है कि यह गेस पेपर परीक्षा से काफी पहले छात्रों तक पहुंच चुका था। उन्होंने कहा, “हमारी जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि क्या इस गेस पेपर के जरिए किसी तरह की चीटिंग या आपराधिक गतिविधि को अंजाम दिया गया। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”

720 में से 600 नंबर के सवाल पहले पहुंचने का दावा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, NEET UG के कुल 720 अंकों में से करीब 600 नंबर के सवाल कुछ छात्रों तक पहले ही पहुंचा दिए गए थे। इस खुलासे के बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि आखिर यह गेस पेपर किन लोगों ने तैयार किया और इसे छात्रों तक कैसे पहुंचाया गया।

NTA ने मानी गड़बड़ी की बात

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भी परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका को स्वीकार किया है। एजेंसी के मुताबिक, परीक्षा के चार दिन बाद यानी 7 मई को कथित अनियमितताओं से जुड़े इनपुट मिले थे, जिसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दिया गया। फिलहाल SOG समेत कई जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।

छात्रों से अफवाहों से बचने की अपील

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से धैर्य बनाए रखने और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। एजेंसी ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद शिक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर आगे के फैसले लिए जाएंगे।

हेल्पलाइन नंबर जारी

NEET 2026 से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए NTA ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। छात्र [neet-ug@nta.ac.in](mailto:neet-ug@nta.ac.in) पर ईमेल कर सकते हैं या 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं।

3 मई को हुई थी परीक्षा

गौरतलब है कि MBBS, BDS समेत देश के शीर्ष मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन समेत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अब पेपर लीक के आरोपों ने लाखों छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।