Movie prime

सीकर से लातूर तक फैला NEET लीक नेटवर्क? CBI जांच में चौंकाने वाले खुलासे

 
सीकर से लातूर तक फैला NEET लीक नेटवर्क? CBI जांच में चौंकाने वाले खुलासे
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच में NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान का सीकर और महाराष्ट्र का लातूर सबसे बड़े केंद्र बनकर उभरे हैं। जांच एजेंसियों का फोकस अब इन दोनों शहरों पर है, जहां से कथित तौर पर पेपर लीक नेटवर्क दूसरे राज्यों तक फैलने की आशंका जताई जा रही है।

आंकड़ों के मुताबिक, देश के टॉप-50 NEET सेंटरों में से 37 सेंटर अकेले सीकर और 9 सेंटर लातूर के हैं। यही वजह है कि जांच एजेंसियां इन दोनों कोचिंग हब की गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं।

सीकर के रिजल्ट ने बढ़ाई जांच एजेंसियों की चिंता

साल 2024 में राजस्थान के सीकर से 27,216 छात्र NEET-UG परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 149 छात्रों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए, जबकि 2,037 छात्रों के 650 से अधिक नंबर आए। इसके अलावा 4,729 छात्रों ने 600 से ज्यादा अंक प्राप्त किए थे।

वहीं महाराष्ट्र के लातूर से 24,611 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें 3,534 छात्रों ने 500 से अधिक अंक हासिल किए। इन आंकड़ों के सामने आने के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं असामान्य परिणामों के पीछे संगठित पेपर लीक नेटवर्क तो नहीं था।

लातूर से सीकर तक फैले नेटवर्क की जांच

CBI अब इस बात की जांच कर रही है कि लातूर और सीकर से कथित पेपर लीक नेटवर्क कैसे दूसरे राज्यों तक फैला। सूत्रों के मुताबिक, सीकर लिंक के जरिए दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर तक पेपर पहुंचाने की आशंका है।

जांच में यह दावा भी सामने आया है कि वर्ष 2025 में कथित तौर पर एक ही परिवार के पांच छात्रों ने लीक पेपर के जरिए परीक्षा पास कर सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश हासिल किया था। एजेंसियां अब पुराने मामलों और कोचिंग नेटवर्क के कनेक्शन भी खंगाल रही हैं।

10 आरोपी गिरफ्तार, बिचौलियों से पूछताछ जारी

अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले 9 अन्य आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया था।

जांच एजेंसियों ने उन बिचौलियों को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर छात्रों को विशेष कोचिंग क्लासों में शामिल कराने और लाखों रुपये की डील कराने में भूमिका निभाई थी। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।