NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, आर्यन गुप्ता और पंशुल बंसल बने टॉपर
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुए करीब 20 लाख उम्मीदवारों में से 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। सफल उम्मीदवार अब मेडिकल, डेंटल, आयुष तथा अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
नीट यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बनाए गए कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा में देशभर से लाखों छात्रों ने भाग लिया था।
इस वर्ष नीट यूजी में सर्वाधिक 715 अंक प्राप्त किए गए। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने संयुक्त रूप से टॉप स्थान हासिल किया। परिणामों के अनुसार 700 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 19 उम्मीदवार रहे, जबकि 690 से अधिक अंक हासिल करने वाले 138 अभ्यर्थी हैं। वहीं 650 या उससे अधिक अंक पाने वाले 1,492, 600 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10,160 तथा 500 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 90,780 उम्मीदवार रहे।
एनटीए द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 690 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 138 उम्मीदवारों में से 93 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने पहली ही कोशिश में नीट परीक्षा पास की है। इनमें 99 प्रतिशत उम्मीदवारों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच है।
महिला उम्मीदवारों का प्रदर्शन रहा बेहतर
इस वर्ष भी महिला अभ्यर्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कुल सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक 56.8 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की, जबकि पुरुष उम्मीदवारों का सफलता प्रतिशत 55.1 प्रतिशत रहा।
श्रेणीवार सफल उम्मीदवारों की संख्या
एनटीए के अनुसार सामान्य वर्ग से 2.91 लाख, ओबीसी-एनसीएल से 5.12 लाख, अनुसूचित जाति (SC) से 1.59 लाख, अनुसूचित जनजाति (ST) से 63,716, जनरल-ईडब्ल्यूएस से 95,026, PwBD श्रेणी से 3,666 तथा PwD श्रेणी से 303 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा अभ्यर्थी सफल
देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी सफल हुए हैं। वहीं लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवारों ने नीट यूजी परीक्षा उत्तीर्ण की है।
राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कुछ टॉप उम्मीदवारों में लद्दाख की जिग्मेट यांगचन लामो (530 अंक), अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) तथा लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं।
काउंसलिंग प्रक्रिया पर रखें नजर
एनटीए केवल परीक्षा आयोजित करने और ऑल इंडिया रैंक (AIR) जारी करने का कार्य करती है। मेडिकल सीटों का आवंटन और काउंसलिंग प्रक्रिया मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC), AACCC तथा संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों द्वारा संचालित की जाएगी।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें और सीट दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले फर्जी कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहें।
ऐसे चेक करें NEET UG 2026 का रिजल्ट
उम्मीदवार सबसे पहले नीट यूजी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद ‘NEET UG 2026 Result’ या ‘Download Scorecard’ लिंक पर क्लिक करें। नया पेज खुलने पर आवेदन संख्या, जन्मतिथि और सिक्योरिटी पिन दर्ज करें। सभी विवरण भरने के बाद ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें। इसके बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।
