नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह पहली बार भारत दौरे पर आएंगे, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 से 23 नवंबर तक पहली बार भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। पीएम मोदी के निमंत्रण पर होने वाले इस दौरे में द्विपक्षीय वार्ता, ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन, समझौतों पर हस्ताक्षर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को पहली बार भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर होने वाले इस दौरे में दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता, ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन और द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व में 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंचेगा।
पीएम मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता
भारत दौरे के दौरान नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक करेंगे। इस वार्ता में दोनों देशों के बीच सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही द्विपक्षीय सहयोग के अलग-अलग पहलुओं पर समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और उनका आदान-प्रदान भी होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगे बालेंद्र शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन करेंगे।
भारत की राजकीय यात्रा के दौरान बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। यह बैठक भी उनके दिल्ली दौरे के कार्यक्रम का हिस्सा है।
राजघाट जाकर महात्मा गांधी को देंगे श्रद्धांजलि
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली प्रवास के दौरान राजघाट स्थित महात्मा गांधी के स्मारक पर जाएंगे। यहां वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे।
इसके अलावा, बालेंद्र शाह नेपाल-भारत व्यापार मंच में भी शामिल होंगे। इस मंच का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है।
भारत और नेपाल के बीच 'रोटी-बेटी' का रिश्ता
भारत और नेपाल के संबंध सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक संबंधों पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच 1950 की शांति और मैत्री संधि तथा 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा इन संबंधों को मजबूती देती है।
भारत और नेपाल के रिश्तों को अक्सर 'रोटी-बेटी' के संबंध के रूप में परिभाषित किया जाता है। यह दोनों देशों के बीच साझा आजीविका, पारिवारिक संबंधों और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है। अब नेपाल के नए राजनीतिक नेतृत्व के साथ दोनों देश आर्थिक सहयोग, ऊर्जा और डिजिटल एकीकरण जैसे क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
