NIA को मिली उमर उन नबी के करीबी जासिर बिलाल वानी की कस्टडी, दिल्ली ब्लास्ट में था मास्टर माइंड
New Delhi : दिल्ली कार ब्लास्ट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आरोपी उमर उन नबी के सबसे करीबी सहयोगी जासिर बिलाल वानी उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को दानिश को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 10 दिन की NIA कस्टडी में भेज दिया।
NIA की जांच के अनुसार, दानिश सिर्फ तकनीकी मदद ही नहीं देता था, बल्कि पूरे हमले की साजिश रचने में उमर के साथ सक्रिय भूमिका निभा रहा था। एजेंसी ने दानिश को उमर का ‘सबसे भरोसेमंद सहयोगी’ बताते हुए कहा कि वह हमले की साजिश के हर चरण में शामिल था।
श्रीनगर से पकड़ा गया था दानिश
न्यूज़ एजेंसी PTI के मुताबिक, NIA ने जासिर बिलाल वानी को श्रीनगर से दबोचा। जांच में पता चला कि दानिश ने ड्रोन व रॉकेट जैसी घातक सामग्री तैयार करने की कोशिश की थी, जिसे आतंकी हमलों में इस्तेमाल करने की योजना थी। इसी साजिश के सिलसिले में उमर का एक और साथी आमिर राशिद अली पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
NIA का बयान
NIA ने अपने बयान में कहा कि अनंतनाग के काजीगुंड निवासी जासिर वानी ने ड्रोन में बदलाव करने और कार बम विस्फोट से पहले रॉकेट बनाने का प्रयास किया था। उसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर आतंकवादी हमले को अंजाम देना था।
जासिर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चांदना की अदालत में पेश किया गया, जहां उसे हमले का सक्रिय सह-साजिशकर्ता बताया गया। NIA के अनुसार, जासिर और उमर उन नबी ने मिलकर भारत के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले की योजना बनाई थी।
