Movie prime

दिल्ली में निर्भया कांड जैसी वारदात, चलती बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
 

 
 दिल्ली में निर्भया कांड जैसी वारदात, चलती बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में 16 वर्षीय 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बस के चालक और कंडक्टर ने छात्रा को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया और बाद में उसे कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। शिकायत के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

गलत जगह उतरने के बाद मांगी थी मदद

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा अपनी मां की डांट से नाराज होकर 4 अगस्त को बिना बताए नोएडा जाने के लिए घर से निकल गई थी। रात में भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह गलती से परी चौक पर उतर गई।

नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए छात्रा ने एक स्लीपर बस को रुकवाकर रास्ता पूछा। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे सेक्टर-63 पहुंचाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।

बस में अकेली थी छात्रा

बस में बैठने के बाद छात्रा को पता चला कि बस में कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था। आरोप है कि बस के आगे बढ़ते ही कंडक्टर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद चालक और कंडक्टर ने मिलकर चलती बस में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

आरोपियों ने छात्रा को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। वारदात के बाद देर रात दोनों ने छात्रा को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और फरार हो गए।

CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी की निगरानी में गठित टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है।