Movie prime

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जेडीयू में शामिल, बोले—पिता के काम को जन-जन तक पहुंचाऊंगा
 

 
 नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जेडीयू में शामिल, बोले—पिता के काम को जन-जन तक पहुंचाऊंगा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना I बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में औपचारिक रूप से शामिल हो गए। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

निशांत कुमार ने पार्टी जॉइन करने के बाद कहा, "मैं सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करूंगा। पिताजी ने जो 20 साल में काम किया है, उसे जन-जन तक पहुंचाने का काम करूंगा। मुझे अपने पिता पर गर्व है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नीतीश कुमार पर पूरा विश्वास बनाए रखें और मनोबल ऊंचा रखें।

निशांत ने अपने पिता के राज्यसभा जाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि वे इस निर्णय को पूरी तरह स्वीकार करते हैं। उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने और नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। अप्रैल तक वे मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं और दिल्ली की ओर रुख कर सकते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग और राजनीतिक आवश्यकता को देखते हुए निशांत कुमार की इस एंट्री को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि निशांत कुमार को पार्टी में कोई बड़ा पद या जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। कुछ सूत्रों के अनुसार, उन्हें बिहार का उप-मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है, ताकि नीतीश कुमार की अनुपस्थिति में पार्टी और सरकार की कमान मजबूत रहे और भविष्य के लिए उन्हें तैयार किया जा सके।

जेडीयू में निशांत की एंट्री के बाद अब वे पूरे बिहार का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे। यह कदम बिहार की राजनीति में नए युग की शुरुआत माना जा रहा है, जहां नीतीश कुमार की विरासत को उनके बेटे के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।