संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर निशाना, OBC और महिला आरक्षण को लेकर लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण में कटौती कर मुस्लिम समुदाय को आरक्षण देने की मंशा रखती है। प्रधानमंत्री ने इसे संविधान निर्माताओं की मूल भावना के विपरीत बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत संविधान सभा के सदस्य इस तरह की आरक्षण व्यवस्था के पक्ष में नहीं थे। हालांकि, उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को कांग्रेस पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
संविधान दिवस पर 26 नवंबर को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित विशेष लेख में प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी केवल सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने में सहयोग करना भी है।
विपक्ष को बताया ‘अवरोध पक्ष’
प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल अब ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा उत्पन्न करना संवैधानिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का विकल्प नहीं हो सकता।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को विधायी संस्थाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में लाए गए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को विपक्ष के विरोध के कारण आवश्यक बहुमत नहीं मिल सका। उन्होंने महिलाओं को न्याय और उनका अधिकार दिलाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
आपातकाल और संविधान संशोधनों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल की आलोचना करते हुए संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने वर्ष 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन का उल्लेख किया। साथ ही देश के युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की।
पीएम मोदी ने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इस संवैधानिक प्रावधान का बार-बार इस्तेमाल किया। उनके मुताबिक, एक राजनीतिक दल ने करीब 100 बार इस प्रावधान का उपयोग किया।
सरकारी योजनाओं को बताया सामाजिक न्याय का माध्यम
प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को सामाजिक और आर्थिक न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से गरीबों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
अनुच्छेद 370 और माओवाद का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े अनुच्छेद 370 और 35ए का जिक्र करते हुए कहा कि इनके कारण लंबे समय तक वहां के नागरिक कई संवैधानिक अधिकारों से वंचित रहे।
इसके अलावा उन्होंने माओवाद के खिलाफ सरकार को मिली सफलता को आदिवासी समुदायों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। प्रधानमंत्री के अनुसार, इससे आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अधिक सुरक्षित वातावरण में अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने का अवसर मिला है।
