Movie prime

OpenAI छोड़ भारत लौटे श्यामल अनदकट, बोले- यहीं बनेगा दुनिया बदलने वाला AI
 

 
 OpenAI छोड़ भारत लौटे श्यामल अनदकट, बोले- यहीं बनेगा दुनिया बदलने वाला AI
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में बड़ा नाम मानी जाने वाली कंपनी OpenAI में करीब चार साल तक काम कर चुके भारतीय मूल के श्यामल अनदकट अब भारत लौट आए हैं। सैन फ्रांसिस्को के बे एरिया स्थित कार्यालय से कंपनी की एप्लाइड इवैल्स (Applied Evals) टीम का नेतृत्व करने वाले श्यामल का मानना है कि अब दुनिया बदलने वाली तकनीकी कंपनियां केवल सिलिकॉन वैली तक सीमित नहीं हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी वापसी की घोषणा करते हुए श्यामल ने लिखा कि OpenAI में लगभग चार साल बिताने के बाद वह इस साल की शुरुआत में अमेरिका से भारत आ गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी पूरा विश्वास है कि सुपरइंटेलिजेंस विज्ञान को नई गति देगा और इसका लाभ पूरी मानवता को मिलेगा।

श्यामल ने भारत लौटने के फैसले के पीछे यहां के इकोसिस्टम से अपने गहरे जुड़ाव को प्रमुख वजह बताया। उन्होंने कहा कि भारत में पले-बढ़े होने के कारण वह हमेशा यहां की प्रतिभा और संभावनाओं से जुड़ाव महसूस करते रहे हैं।

भारत आने के बाद उन्होंने कई सप्ताह तक देश और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शोधकर्ताओं तथा इंजीनियरों से बातचीत की। इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि बड़ी संख्या में ऐसे प्रतिभाशाली लोग हैं, जो भारत में रहकर ही भविष्य की तकनीकों का निर्माण करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में टैलेंट और अवसरों की कोई कमी नहीं है, बल्कि जरूरत इस बात पर भरोसा करने की है कि दुनिया को प्रभावित करने वाले संस्थान और कंपनियां किसी भी देश से खड़ी की जा सकती हैं। उनके मुताबिक, सबसे जरूरी है बड़े सपने देखने का साहस और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास।

श्यामल की इस घोषणा पर सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने उनके फैसले की सराहना की और भारत में उनके आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर उत्सुकता जताई। एआई रिसर्चर आर्ची सेनगुप्ता ने बताया कि श्यामल फिलहाल बेंगलुरु में हैं और विज्ञान एवं रिसर्च से जुड़े कई जटिल प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।

वहीं, LiteFold के सह-संस्थापक अनिंद्यदीप ने कहा कि भारत ने एआई के क्षेत्र में अभी अपनी यात्रा शुरू की है और आने वाले समय में देश इस क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की भूमिका निभा सकता है।