PM आवास के बाहर विपक्ष का धरना, राहुल गांधी और अखिलेश यादव पुलिस हिरासत में
नई दिल्ली: नीट (NEET) पेपर लीक मामले और छात्रों पर दिल्ली पुलिस के कथित बल प्रयोग के विरोध में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन उस समय तेज हो गया, जब दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे थे। कांग्रेस का आरोप था कि नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी तय करते हुए शिक्षा मंत्री को पद से हटाया जाना चाहिए।
धरने के दौरान केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने राहुल गांधी की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है। जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर कहा कि जब उन्होंने राहुल गांधी को इसकी जानकारी दी, तो उन्होंने नई मांगें रख दीं।
इस बीच प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और एनसीपी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले भी शामिल हो गईं। राहुल गांधी ने समर्थकों से बड़ी संख्या में धरने में शामिल होने की अपील की, जिसके बाद प्रदर्शन स्थल पर भीड़ बढ़ने लगी।
स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। इसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को धरना स्थल से हटाकर हिरासत में ले लिया। कई अन्य कांग्रेस नेताओं को भी पहले ही हिरासत में लिया जा चुका था।
ख़बर अपडेट की जा रही है ....
