संसद में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन, दान पेटी लेकर भागे पप्पू यादव, गूंजे 'चोर-चोर' के नारे
नई दिल्ली: अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी दलों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने एक नाट्य प्रस्तुति के जरिए अपना विरोध दर्ज कराया, जिसने संसद परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए। वहीं कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई विपक्षी सांसद भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान एक दान पेटी रखी गई, जिसमें राहुल गांधी को सांकेतिक रूप से चढ़ावा चढ़ाते हुए दिखाया गया।
नाटक के एक हिस्से में साधु के वेश में मौजूद पप्पू यादव दान पेटी लेकर भागते हुए दिखाई दिए। इसके बाद अन्य विपक्षी सांसदों ने उन्हें रोकने और "चोर-चोर" के नारे लगाने का सांकेतिक अभिनय किया। विपक्ष का कहना था कि यह प्रदर्शन कथित चढ़ावा चोरी और अन्य सार्वजनिक मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने के उद्देश्य से किया गया।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी भी की। सांसदों ने "अमित शाह सदन में आओ, जवाब दो", "चढ़ावा चोरी नहीं चलेगी" और "पेपर चोरी नहीं चलेगी" जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन में हाल के विभिन्न राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी शामिल किया गया।

लोकसभा अध्यक्ष ने जताई नाराजगी
इस घटनाक्रम पर लोकसभा अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि संसद और उसके परिसर की गरिमा बनाए रखना सभी सांसदों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सदस्यों को सलाह दी कि वे संसद परिसर में वेश बदलकर आने से बचें और संसदीय मर्यादा का पालन करें।
