Zomato पर COD से खाना मंगाना पड़ेगा महंगा, अब देना होगा एक्स्ट्रा चार्ज
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato से खाना ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए एक नया बदलाव सामने आया है। कंपनी ने Cash on Delivery (COD) यानी डिलीवरी के समय कैश में भुगतान करने वाले ऑर्डर पर अलग से शुल्क लेना शुरू कर दिया है। यह चार्ज ऐप पर ‘Pay on Delivery Fee’ के नाम से दिखाई दे रहा है।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, Zomato ऐप पर अलग-अलग ऑर्डर और यूजर्स के लिए इस शुल्क की राशि अलग-अलग देखी गई है। कुछ मामलों में ग्राहकों से ₹5 का अतिरिक्त चार्ज लिया जा रहा है, जबकि कुछ यूजर्स के लिए यह रकम इससे ज्यादा भी हो सकती है। यानी अगर ग्राहक ऑनलाइन पेमेंट के बजाय COD का विकल्प चुनता है तो उसे खाने की कीमत और अन्य लागू शुल्क के अलावा यह अतिरिक्त रकम भी चुकानी पड़ सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह शुल्क खास तौर पर Pay on Delivery विकल्प चुनने पर लागू हो रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह चार्ज सभी ग्राहकों और सभी ऑर्डर पर एक समान तरीके से लागू किया गया है या इसकी राशि यूजर और ऑर्डर की वैल्यू के आधार पर तय की जा रही है।
Zomato की मौजूदा शर्तों के मुताबिक, कंपनी ग्राहक से ऑर्डर से जुड़े अलग-अलग तरह के लागू शुल्क लेने का अधिकार रखती है। ऐसे सभी चार्ज ग्राहक को भुगतान पूरा करने से पहले प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाते हैं।
फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, Zomato की ओर से इस नए COD चार्ज की वजह, इसकी पूरी शुल्क संरचना या इसे सभी यूजर्स पर अनिवार्य रूप से लागू किए जाने को लेकर कोई अलग आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।
ऐसे में Zomato से ऑर्डर करते समय ग्राहकों को पेमेंट पेज पर एक बार ऑर्डर की कुल कीमत और ‘Pay on Delivery Fee’ जरूर जांच लेनी चाहिए। खासकर उन ग्राहकों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है, जो नियमित रूप से कैश ऑन डिलीवरी का इस्तेमाल करते हैं।
