भरत तिवारी एनकाउंटर पर पवन सिंह का रिएक्शन, कहा- निष्पक्ष जांच हो, जल्द मिलूंगा पीड़ित परिवार से
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य पवन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात करने की बात भी कही है।
पवन सिंह ने अपने पोस्ट में भरत भूषण तिवारी को समाज के लिए समर्पित और संघर्षशील व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी हमेशा गरीबों, वंचितों, दलितों और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाते रहे। उनका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का समाधान कराना और जरूरतमंदों को उनके अधिकार दिलाना था।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं और अन्य कठिन परिस्थितियों में भरत तिवारी ने बढ़-चढ़कर समाज सेवा की। उनके कई ऐसे उदाहरण हैं, जब उन्होंने प्रशासन और समाज के लोगों के साथ मिलकर जनहित के कार्य किए।
पवन सिंह ने कहा कि इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है और इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आए वीडियो और जानकारियां सही हैं, तो पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत जांच होना बेहद जरूरी है, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है। कानून का राज तभी मजबूत माना जाएगा, जब हर मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।
भाजपा एमएलसी ने बिहार सरकार और संबंधित उच्च अधिकारियों से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं की सच्चाई समय रहते सामने आनी चाहिए, अन्यथा आम जनता का विश्वास प्रभावित हो सकता है।
अपने संदेश के अंत में पवन सिंह ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सामाजिक योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह जल्द ही उनसे मुलाकात करेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग को मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने अपने पोस्ट का समापन "भरत भूषण तिवारी अमर रहें" के नारे के साथ किया।
