Petrol-Diesel Price Hike: 10 दिनों में तीसरी बार बढ़ा पेट्रोल-डीजल का दाम, जानिए आपके शहर में क्या है रेट
भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली समेत कई शहरों में ईंधन के दाम बढ़ गए हैं, जबकि CNG भी महंगी हो गई है। लगातार तीसरी बढ़ोतरी के बाद आम आदमी, ट्रांसपोर्ट और कारोबार पर असर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Petrol-Diesel Price Hike: महंगाई का नया झटका… पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों ने एक बार फिर आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब सीधे भारतीय बाजार पर दिखाई देने लगा है। लगातार तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ने से ट्रांसपोर्ट, कारोबार और घरेलू बजट पर दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
शनिवार को सरकारी तेल कंपनियों ने देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी। पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। मई महीने में यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।
दिल्ली में पेट्रोल ₹100 के करीब पहुंचा
नई दरों के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये से बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। तेल कंपनियों द्वारा जारी नई कीमतों के बाद देश के कई बड़े शहरों में भी ईंधन के दाम बढ़ गए हैं।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के नए रेट
दिल्ली
पेट्रोल: ₹99.51
डीजल: ₹92.49
कोलकाता
पेट्रोल: ₹110.64
डीजल: ₹97.02
मुंबई
पेट्रोल: ₹108.49
डीजल: ₹95.02
चेन्नई
पेट्रोल: ₹105.31
डीजल: ₹96.98
गुरुग्राम
पेट्रोल: ₹100.38
डीजल: ₹92.92
नोएडा
पेट्रोल: ₹98.78
डीजल: ₹93.12
वहीं, वाराणसी में आज पेट्रोल की कीमत 99.04 रुपये प्रति लीटर है. पिछले 10 दिन में वाराणसी में पेट्रोल की कीमतें 94.83 रुपये प्रति लीटर से 99.27 रुपये प्रति लीटर हुई हैं। अगर हम आज की कीमत की तुलना पिछले 10 दिन की कीमत से करें तो पेट्रोल की कीमतें 4.44 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी हैं।
लगातार तीसरी बढ़ोतरी से बढ़ी चिंता
इस महीने 16 मई को पहली बड़ी बढ़ोतरी के बाद 19 मई को भी ईंधन की कीमतों में लगभग 90 पैसे की वृद्धि हुई थी। अब ताजा बढ़ोतरी के साथ पेट्रोल और डीजल के दाम कुल मिलाकर करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो आने वाले दिनों में और दबाव देखने को मिल सकता है।
सरकार ने कहा- घबराकर पेट्रोल न खरीदें
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मंत्रालय ने साफ कहा है कि देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।
सरकार के मुताबिक, कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी दबाव जरूर देखा गया है, लेकिन ऑयल मार्केटिंग कंपनियां लगातार सप्लाई और वितरण की निगरानी कर रही हैं ताकि किसी तरह की कमी न हो। मंत्रालय ने लोगों से केवल जरूरत के हिसाब से ईंधन खरीदने और अनावश्यक स्टॉकिंग से बचने की सलाह दी है।
क्यों बढ़ रहे हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बढ़ती चिंताओं ने वैश्विक तेल बाजार को प्रभावित किया है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल ट्रांजिट रूट्स में गिना जाता है।
भारत अपनी कुल कच्चे तेल की जरूरत का लगभग 85 प्रतिशत आयात करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में किसी भी उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ता है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी भी तेल आयात को महंगा बना रही है।
ट्रांसपोर्ट और महंगाई पर पड़ेगा असर
ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इससे ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स लागत बढ़ेगी, जिसका असर धीरे-धीरे रोजमर्रा की वस्तुओं और खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।
ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई खर्च बढ़ेगा, जिससे बाजार में महंगाई और तेज हो सकती है।
CNG भी हुई महंगी
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ CNG और PNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में CNG की कीमत 1 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी गई है। नई दरों के बाद इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के स्टेशनों पर CNG अब 81.09 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है। CNG के बढ़ते दामों से ऑटो, टैक्सी और कमर्शियल वाहन चालकों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।
आने वाले दिनों में क्या बढ़ सकती है और महंगाई?
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वैश्विक स्तर पर तनाव कम नहीं हुआ और कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में ईंधन कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में आम आदमी के लिए आने वाला समय महंगाई के लिहाज से और चुनौतीपूर्ण हो सकता है। दाम, जानिए आपके शहर में क्या है रेट
