Movie prime

नेविगेशन फेल होते ही रास्ता भटका विमान, पाकिस्तान पहुंचा, बाद में भारत में सुरक्षित लैंडिंग
 

 
 नेविगेशन फेल होते ही रास्ता भटका विमान, पाकिस्तान पहुंचा, बाद में भारत में सुरक्षित लैंडिंग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। Air India की फ्लाइट AI-479 बीते सोमवार रात एक तकनीकी खराबी के चलते अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई और गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। विमान दिल्ली से अमृतसर जा रहा था, लेकिन बीच उड़ान में नेविगेशन सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

सूत्रों के अनुसार, विमान रात 9:18 बजे नई दिल्ली से रवाना हुआ था और निर्धारित समय पर अमृतसर में लैंडिंग होनी थी। लेकिन उड़ान के दौरान आई तकनीकी समस्या के कारण विमान का रूट बदल गया और यह सीमा पार करते हुए लाहौर फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन तक पहुंच गया।

पाक एयरस्पेस बैन के बीच घटी घटना

बताया जा रहा है कि Pakistan Airports Authority ने अप्रैल 2025 से भारतीय पंजीकरण वाले सभी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है, जिसे समय-समय पर NOTAM के जरिए बढ़ाया जाता रहा है। घटना के समय भी यह प्रतिबंध लागू था।

जैसे ही विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, वहां की एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत चेतावनी जारी की, जिसके बाद पायलट को स्थिति का पता चला और विमान ने तुरंत यू-टर्न लेकर भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर वापसी की।

अमृतसर में ट्रैफिक के कारण लैंडिंग में बाधा

पाकिस्तान से लौटने के बाद विमान सीधे अमृतसर में लैंड नहीं कर सका क्योंकि वहां एयर ट्रैफिक अधिक होने के कारण रनवे उपलब्ध नहीं था। इस वजह से विमान को कुछ समय तक एयर स्पेस में चक्कर लगाना पड़ा।

स्थिति सामान्य न होने पर विमान को वापस दिल्ली डायवर्ट किया गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद लगभग दो घंटे के इंतजार के बाद दोबारा अमृतसर के लिए उड़ान की अनुमति दी गई।

रात करीब 2:20 बजे सुरक्षित लैंडिंग

कई घंटों की देरी के बाद फ्लाइट AI-479 आखिरकार मंगलवार तड़के लगभग 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई। इस पूरी घटना में यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

फिलहाल मामले की जांच जारी है कि तकनीकी खराबी किस कारण से हुई और नेविगेशन सिस्टम में यह गड़बड़ी कैसे पैदा हुई। अधिकारियों का कहना है कि एयर ट्रैफिक के कारण होल्डिंग सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इस मामले में तकनीकी खराबी मुख्य कारण रही।