Movie prime

दिल्ली को दहलाने की थी तैयारी! ISI-बांग्लादेश कनेक्शन वाले 8 संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने ISI और बांग्लादेश से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। आरोपी फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे और दिल्ली में मंदिर व लाल किले समेत कई स्थानों पर आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे।

 
Delhi terror module
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Delhi terror module: दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश स्थित चरमपंथी संगठनों से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त अभियान में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से कुल आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह मॉड्यूल विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।


तमिलनाडु के तिरुप्पुर से 6 और पश्चिम बंगाल से 2 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल को तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले की गारमेंट यूनिट्स से हिरासत में लिया गया। वहीं दो अन्य संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार कुछ आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे।

दिल्ली में मंदिर और लाल किला थे निशाने पर

गिरफ्तारियों से एक दिन पहले खुफिया एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया था। इनपुट में बताया गया था कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के भीड़भाड़ वाले धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बना सकता है। सूत्रों के अनुसार, चांदनी चौक क्षेत्र के एक मंदिर और लाल किले के आसपास IED विस्फोट की साजिश की आशंका जताई गई थी।

बांग्लादेश में बैठा कश्मीर का रहने वाला शख्स कर रहा था मॉड्यूल को संचालित


जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आठों आरोपियों का हैंडलर कश्मीर का रहने वाला एक व्यक्ति है, जो फिलहाल बांग्लादेश में मौजूद है। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क सीमा पार से संचालित किया जा रहा था और भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

Free Kashmir पोस्टर से खुला आतंकी नेटवर्क का राज

इस पूरे मॉड्यूल का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली के कई इलाकों और दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में भड़काऊ पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में ‘Free Kashmir’ जैसे नारे लिखे हुए थे। स्पेशल सेल ने जब इन पोस्टरों की जांच शुरू की तो जांच की कड़ियां तमिलनाडु तक पहुंचीं और वहां से इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

मोबाइल और सिम कार्ड बरामद, डिजिटल सबूतों की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि अन्य सहयोगियों, फंडिंग नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करने की दिशा में अहम सफलता बताया है।