Movie prime

PM मोदी ने बुलाई मंत्रिपरिषद की बैठक, शासन से लेकर कल्याणकारी योजनाओं तक कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में सरकार के कामकाज, प्रशासनिक सुधारों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खास तौर पर महिलाओं और युवाओं तक सरकार की विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनसे बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया जा सकता है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद बुधवार सुबह सभी मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान सरकार की प्राथमिकताओं और मौजूदा चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। बैठक का उद्देश्य मंत्रियों को सरकार के सामने मौजूद मुद्दों और योजनाओं को लेकर अधिक स्पष्ट समझ देना है, ताकि वे अपने मंत्रालयों के कामकाज को और प्रभावी बना सकें।

सितंबर में हुई थी पिछली बैठक

मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में आयोजित की गई थी। इसे 'चिंतन शिविर' नाम दिया गया था। इस बैठक में मुख्य रूप से इस बात पर चर्चा हुई थी कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र और वास्तविक लाभार्थियों तक कैसे पहुंचाया जाए। इसके साथ ही आम लोगों को सरकार की ओर से किए जा रहे कामों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से देने पर भी जोर दिया गया था।

आठ समूहों में बांटे गए थे मंत्री

सितंबर में आयोजित चिंतन शिविर के दौरान मंत्रिपरिषद को आठ अलग-अलग समूहों में बांटा गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक समूह के साथ अलग-अलग बातचीत की थी। इसके अलावा उन्होंने सभी मंत्रियों को सामूहिक रूप से भी संबोधित किया था।

इस दौरान योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, आम जनता तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए थे।

बुधवार को होने वाली बैठक को भी इसी सिलसिले की अगली कड़ी माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसमें सरकार की योजनाओं को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने और महिलाओं तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।