Movie prime

गढ़चिरौली में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, 3,000 करोड़ की 246 विकास परियोजनाओं की दी सौगात- नक्सलवाद पर भी बोले
 

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में जनजातीय गौरव दिवस पर पीएम मोदी ने करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने आदिवासी समाज के विकास, पीएम जनमन योजना, कृषि धन-धान्य योजना और देश में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

 
गढ़चिरौली
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गढ़चिरौली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आदिवासी समाज के योगदान, देश की विकास यात्रा और नक्सलवाद के खिलाफ मिली उपलब्धियों का जिक्र किया।

जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के गौरव और देश के आदिवासी नायक-नायिकाओं के योगदान को याद करने का अवसर है। आज देशभर में इस दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और पूरा देश अपने जनजातीय नायकों को गर्व के साथ याद कर रहा है।

उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत हुई थी और अब यह राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पहले देश में कई दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण के आधार पर तय होते थे, लेकिन अब भारत अपनी विरासत, इतिहास और नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। यह देश की राष्ट्रीय चेतना में आए बड़े बदलाव का प्रतीक है।

गरीबी और नक्सलवाद से मुक्ति को बताया बड़ी उपलब्धि

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश की दो बड़ी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के करीब 50 करोड़ लोगों ने भीषण गरीबी को परास्त किया है। वहीं, दूसरी बड़ी उपलब्धि देश का नक्सलवाद और माओवादी आतंक से मुक्त होना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज को पहुंचाया। गढ़चिरौली समेत देश के आदिवासी क्षेत्रों के लोग इस नुकसान को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवाद और नक्सलवाद से प्रभावित थे। उस समय प्रभावित इलाकों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया था, जबकि आज माओवाद और नक्सलवाद खत्म हो चुका है।

पिछड़े जिलों के विकास पर सरकार का विशेष ध्यान

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने उन क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है, जो लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गए थे। देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी ब्लॉकों में विशेष अभियान चलाए गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में जनजातीय आबादी वाले क्षेत्र भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अब पीएम कृषि धन-धान्य योजना के तहत कृषि के क्षेत्र में पिछड़े 100 जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि विकास परियोजनाओं और सुविधाओं से वंचित रहे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाए।

पीएम जनमन और जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए एक लाख करोड़ से अधिक का बजट

पीएम मोदी ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार ने अपनी पूरी ताकत लगाई है। पहले जो इलाके पिछड़े क्षेत्रों में भी सबसे पीछे थे, उन्हें विकास की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इन दोनों योजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा गया है।

प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है।