PM मोदी ने बजट सत्र से पहले दिया बड़ा संदेश: 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर भारत तेजी से आगे बढ़ रहा, भारत-ईयू FTA ...
नई दिल्ली: आर्थिक सर्वेक्षण पेश होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि देश का ध्यान स्वाभाविक रूप से केंद्रीय बजट पर केंद्रित है, क्योंकि बजट देश की आर्थिक दिशा और विकास की प्राथमिकताओं को निर्धारित करता है। लेकिन सरकार की पहचान केवल बजट तक सीमित नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीते वर्षों में 'Reform, Perform और Transform' की नीति के माध्यम से सरकार ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है।
पीएम मोदी ने 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर विशेष जोर देते हुए कहा, "अब भारत सुधारों की 'Reform Express' पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह सुधारों की यात्रा केवल सरकार तक सीमित नहीं है, बल्कि संसद के सभी सदस्यों के सकारात्मक सहयोग से इसे लगातार मजबूती मिल रही है।" उन्होंने संसद के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी सकारात्मक ऊर्जा के कारण 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' निरंतर गति पकड़ रही है। देश अब लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निकलकर स्थायी और दूरगामी समाधानों की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी भारत की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया। उन्होंने कहा, "यह समझौता आत्मविश्वासी, प्रतिस्पर्धी और उत्पादक भारत की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।" पीएम ने इसे "महत्वाकांक्षी भारत के लिए मुक्त व्यापार, आकांक्षी युवाओं के लिए मुक्त व्यापार और आत्मनिर्भर भारत के लिए मुक्त व्यापार" बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय निर्माता इस अवसर का उपयोग अपनी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए करेंगे और 27 EU देशों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराएंगे। मौजूदा तिमाही की सकारात्मक शुरुआत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मविश्वासी भारत अब दुनिया के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है।
21वीं सदी के पहले चौथाई हिस्से को पूरा होने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अब अगले 25 वर्षों का दौर शुरू हो रहा है, जो विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। इस नए चरण का पहला बजट जल्द ही संसद में पेश किया जाएगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की प्रशंसा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वे देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं, जो लगातार नौवीं बार बजट पेश करने जा रही हैं। इसे संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया। राष्ट्रपति के अभिभाषण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं, खासकर युवाओं की उम्मीदों की अभिव्यक्ति है और सभी सांसद इसे गंभीरता से लेंगे।
