पीएम मोदी ने 51,000 युवाओं को दिया नियुक्ति पत्र, बोले- ‘विकसित भारत के निर्माण में आपकी बड़ी भूमिका’
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केंद्र सरकार की विभिन्न विभागों में 51,000 से अधिक युवाओं को वर्चुअली नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने उन्हें देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं। आप सभी देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण और जिम्मेदार भागीदार बन रहे हैं। आप रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और कई अन्य क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में आप सभी की एक महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”
स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए नए वैश्विक अवसर
पीएम मोदी ने भारत की बढ़ती वैश्विक भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि सरकार हर नई साझेदारी के माध्यम से भारतीय स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और युवा पेशेवरों को दुनिया से जुड़ने के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे युवाओं को एडवांस्ड एक्सपर्टीज, वैश्विक बाजारों और विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा, “दुनिया उन देशों का सम्मान करती है जो बड़े पैमाने पर इनोवेशन करते हैं, निर्माण करते हैं और डिलीवरी देते हैं। भारत इन तीनों दिशाओं में तेजी से प्रगति कर रहा है और इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ी ताकत भारत के युवा हैं। मैं दुनिया में कहीं भी जाता हूं, वहां भारत की युवा शक्ति पर काफी समय चर्चा करता हूं।”
इस कार्यक्रम में शामिल युवाओं को पीएम मोदी ने शुभकामनाएं दीं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। यह भर्ती केंद्र सरकार की युवा सशक्तिकरण और रोजगार सृजन की दिशा में की गई बड़ी पहल का हिस्सा है।
