Movie prime

इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित हुए PM मोदी, बोले- यह 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान
 

 
 इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित हुए PM मोदी, बोले- यह 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

जकार्ता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिंटांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया मेडल ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने जकार्ता में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आत्मीय संबंधों का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने कहा, "आज सुबह मुझे बहुत स्नेह और आदर के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान करोड़ों भारतवासियों का है। यह भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का सम्मान है। मैं राष्ट्रपति प्रबोवो, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि भारत और इंडोनेशिया कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, रक्षा, डिजिटल तकनीक, ऊर्जा और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

वहीं, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से भी बेहद मजबूत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के रिश्ते और अधिक प्रगाढ़ होंगे।

गौरतलब है कि 'बिंटांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया मेडल ऑफ ऑनर' इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने इंडोनेशिया की एकता, निरंतरता, विकास और समृद्धि में असाधारण योगदान दिया हो या द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती प्रदान की हो।