नीदरलैंड में बोले पीएम मोदी: भारत जैसा महसूस हो रहा, भारतीय समुदाय की जमकर सराहना
नई दिल्ली/हेग। Narendra Modi अपने पांच देशों के दौरे के तहत यूएई के बाद अब Netherlands पहुंच गए हैं। हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां का माहौल देखकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वह भारत में किसी उत्सव के बीच मौजूद हों।
पीएम मोदी ने कहा, “इतना प्यार और उत्साह देखकर कुछ देर के लिए मैं भूल ही गया था कि मैं नीदरलैंड में हूं। ऐसा लग रहा है जैसे भारत में ही कोई फेस्टिवल चल रहा हो।”
उन्होंने कहा कि नीदरलैंड की प्रगति में भारतीय समुदाय का भी बड़ा योगदान है। यहां बसे भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार जताते हुए कहा कि वह 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं लेकर यहां आए हैं।
“समुद्र पार भी भारतीय संस्कृति जीवंत”
भारतीय समुदाय की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां बसे परिवारों की कहानियां सिर्फ प्रवास की नहीं, बल्कि संघर्ष और सफलता की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि पीढ़ियां बदल गईं, देश बदल गए, लेकिन भारतीय संस्कार और अपनापन नहीं बदला।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय समुदाय ने डच भाषा को अपनाया, लेकिन अपनी मातृभाषाओं और संस्कृति को नहीं छोड़ा। उन्होंने कम्युनिटी रेडियो स्टेशनों की भी सराहना की, जिनके जरिए भारतीय संगीत और संस्कृति डच परिवारों तक पहुंच रही है।
16 मई 2014 को याद किया
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में 16 मई 2014 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 12 साल पहले लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और दशकों बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी थी।
उन्होंने कहा, “एक वो दिन था और एक आज का दिन है। करोड़ों भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि 13 साल मुख्यमंत्री और 12 साल प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसे जनता के आशीर्वाद और विश्वास की ताकत बताया।
“आपका सुख ही मेरा सुख”
अपने भावुक संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि छोटी उम्र में ही वह देशभक्ति के रंग में रंग गए थे। उन्होंने कहा, “आप ही मेरा परिवार बन गए। आपका सुख ही मेरा सुख और आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य बन गया।”
उन्होंने आगे कहा कि आज भारत सिर्फ बदलाव नहीं, बल्कि दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बनने का सपना देख रहा है। देश तेजी से आगे बढ़ना चाहता है और इसी वजह से प्रयास भी असीमित हो गए हैं।
