PM Modi का कर्नाटक दौरा आज, पिंक मेट्रो से वंदे भारत तक 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक को 15,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। बेंगलुरु में पिंक मेट्रो लाइन का उद्घाटन और वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। मैसूरु में वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन भी करेंगे। जानिए पीएम मोदी का पूरा कार्यक्रम और शेड्यूल।
PM Modi Karnataka Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य को करीब 15,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन, नवीकरणीय ऊर्जा, एलपीजी भंडारण केंद्र, रेलवे स्टेशन और वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। प्रधानमंत्री बेंगलुरु और मैसूरु में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। आइए जानते हैं पीएम मोदी के पूरे कार्यक्रम का शेड्यूल।
बेंगलुरु में सुबह 10:45 बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम पहुंचेंगे। यहां वह स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
इस मौके पर प्रधानमंत्री स्वर्ण जयंती प्रशासनिक खंड का शिलान्यास भी करेंगे।
दोपहर 12:45 बजे पिंक मेट्रो लाइन को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री का अगला कार्यक्रम दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर होगा। इस दौरान वह बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के तवरेकेरे से IIM-बेंगलुरु तक के सेक्शन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस पर 3,470 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। करीब 7.5 किलोमीटर लंबा यह हिस्सा एलिवेटेड है। प्रधानमंत्री इस मेट्रो लाइन पर सफर भी करेंगे।
इसके बाद दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मंगलुरु में देश का सबसे बड़ा भूमिगत LPG भंडारण केंद्र होगा समर्पित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये की लागत से तैयार भारत के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसकी भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है।
इस परियोजना में न्यू मैंगलोर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है।
चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन, वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी
रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं के तहत प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इनमें चामराजनगर, चिक्कमंगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मैसूरु में वृक्षारोपण और तारामंडल का उद्घाटन
बेंगलुरु के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे। दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर वह भारत वन में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद शाम 4 बजे प्रधानमंत्री कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। यह भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल है।
PM Modi Karnataka Visit: एक नजर में पूरा कार्यक्रम
सुबह 10:45 बजे: बेंगलुरु के प्रशांति कुटीरम में स्वर्ण जयंती और एच.वी. शेषाद्रि जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
दोपहर 12:45 बजे: बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के तवरेकेरे-IIM बेंगलुरु सेक्शन को हरी झंडी दिखाएंगे और मेट्रो में सफर करेंगे।
दोपहर 1:15 बजे: 15,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
दोपहर 3:30 बजे: मैसूरु के भारत वन में वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
शाम 4:00 बजे: कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे।
