Movie prime

मन की बात में PM मोदी ने बताया वडनगर और काशी का खास रिश्ता, शंकराचार्य के बयान का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140वें मन की बात कार्यक्रम में काशी और अपने जन्मस्थान वडनगर का खास रिश्ता बताया। उन्होंने कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य द्वारा वडनगर को गुजरात की काशी कहे जाने का जिक्र किया। इस दौरान पीएम मोदी ने बिहार और वडनगर के म्यूजियम की उपलब्धियों की भी चर्चा की।

 
मन की बात
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित मन की बात के 140वें एपिसोड में एक बार फिर काशी का जिक्र किया। उन्होंने अपने जन्मस्थान गुजरात के वडनगर और संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बीच खास संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि वडनगर में उनका जन्म हुआ और काशी से वह सांसद हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य ने वडनगर को 'गुजरात की काशी' के रूप में पहचान दी है।

वडनगर को बताया गुजरात की काशी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दिनों कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य वडनगर पहुंचे थे। उन्होंने वडनगर को गुजरात की काशी कहा। पीएम मोदी ने इसे अपने लिए सौभाग्य की बात बताते हुए कहा कि उनका जन्म वडनगर में हुआ और काशी उनका संसदीय क्षेत्र है। उन्होंने वडनगर और काशी दोनों को हजारों वर्षों से जीवंत शहर बताया।

बिहार म्यूजियम को दुनिया में मिला नौवां स्थान

मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के म्यूजियम की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी वे कहीं घूमने जाएं तो वहां के म्यूजियम के बारे में भी जरूर जानकारी लें।

पीएम मोदी ने बताया कि पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में नौवां स्थान मिला है। इस सूची में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि इस सूची में बिहार म्यूजियम ने पेरिस के प्रसिद्ध लोआर्स म्यूजियम और न्यूयॉर्क के द मेट म्यूजियम को भी पीछे छोड़ दिया है।

वडनगर म्यूजियम को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर में स्थित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल एक्सपेरिमेंटल म्यूजियम की उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण चीजें मिली हैं। जिस स्थान पर खुदाई हुई थी, उसी जगह पर इस म्यूजियम को विकसित किया गया है।

म्यूजियम में एक ऐसा रास्ता बनाया गया है, जहां से गुजरते हुए लोग जमीन के कई मीटर नीचे तक हुई पुरातात्विक खुदाई को देख सकते हैं। यहां पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं।

पीएम मोदी ने बताया कि इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को डिजाइन के क्षेत्र का प्रतिष्ठित सम्मान 'रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड' मिला है। यह सम्मान पाने वाला वडनगर म्यूजियम भारत का पहला म्यूजियम है।

हजारों वर्षों से जीवंत है वडनगर और काशी

प्रधानमंत्री ने वडनगर और काशी के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि वडनगर हजारों वर्षों से जीवंत शहर है, ठीक काशी की तरह। उन्होंने कहा कि यह संयोग है कि उनका जन्म वडनगर में हुआ और वह काशी के सांसद हैं। मन की बात के इस एपिसोड को सुनने के लिए वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए।