PM मोदी ने बंगाल हिंसा में मारे गए BJP कार्यकर्ताओं के परिजनों से की मुलाकात, कहा- बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान PM मोदी ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले BJP कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की। कार्यक्रम में 300 मृतकों के नाम वाला स्मारक भी बनाया गया, जिसने सभी का ध्यान खींचा।
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रविवार को पश्चिम बंगाल की नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि पांच अन्य नेताओं ने मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले BJP कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान देबासिस मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिवारों से उन्होंने बातचीत की। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद कार्यक्रम का भावुक पहलू भी चर्चा में आ गया।
300 लोगों के नाम वाला स्मारक बना आकर्षण का केंद्र
शपथ समारोह स्थल पर राजनीतिक हिंसा में मारे गए करीब 300 लोगों की याद में एक विशेष स्मारक बनाया गया था। इस स्मारक पर सभी मृतकों के नाम और उनके क्षेत्रों का उल्लेख किया गया। सभी नाम बंगाली भाषा में लिखे गए थे।
कार्यक्रम में शामिल लोगों का कहना था कि यह स्मारक केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी है कि हिंसा में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं का बलिदान भुलाया नहीं जाएगा।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ का नाम इस स्मारक में शामिल नहीं किया गया। पार्टी नेताओं के अनुसार, वह वायुसेना से जुड़े रहे थे और पार्टी कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान नहीं थी।
PM मोदी ने पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मारक स्थल पहुंचकर मृतकों के नामों के सामने पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समारोह स्थल पर भावुक माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का कहना था कि पश्चिम बंगाल में BJP सरकार बनने की खुशी है, लेकिन राजनीतिक हिंसा में अपने लोगों को खोने का दुख भी उतना ही बड़ा है।
मंच से लगे जय श्रीराम के नारे
शपथ समारोह के दौरान मंच से जय श्रीराम के नारे भी लगाए गए। कई नेताओं और समर्थकों ने कहा कि बंगाल में लंबे समय तक राजनीतिक हिंसा और भय का माहौल रहा, लेकिन अब नई सरकार कानून व्यवस्था और विकास दोनों पर काम करेगी। कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि “सबका साथ, सबका विकास” के साथ-साथ हिंसा के मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
शुभेंदु सरकार से बढ़ीं उम्मीदें
BJP नेताओं और समर्थकों का कहना है कि बंगाल में नई सरकार बनने के बाद राजनीतिक हिंसा के मामलों की निष्पक्ष जांच होगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा। शुभेंदु अधिकारी की ताजपोशी को BJP समर्थक राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देख रहे हैं। अब सबकी नजर नई सरकार के शुरुआती फैसलों और कानून व्यवस्था को लेकर उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हुई है।
