Movie prime

मार्को रूबियो से मिले पीएम मोदी, बोले- भारत और अमेरिका मिलकर करेंगे वैश्विक कल्याण के लिए काम
 

 
 मार्को रूबियो से मिले पीएम मोदी, बोले- भारत और अमेरिका मिलकर करेंगे वैश्विक कल्याण के लिए काम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को नई दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मार्को रूबियो के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा, “US सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रूबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई। हमने भारत-US व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति और क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”

बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी उप विदेश मंत्री एलिसन हुकर भी मौजूद रहे।

भारत को बताया अहम साझीदार

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बैठक को सार्थक बताते हुए एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मार्को रूबियो की बैठक में शामिल होना बहुत अच्छा लगा। हमने सुरक्षा, व्यापार और अहम टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में अमेरिका-भारत सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।”  

राजदूत ने आगे कहा कि ये क्षेत्र दोनों देशों को मजबूत बनाते हैं और स्वतंत्र व खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देते हैं। भारत, अमेरिका का एक अहम साझीदार है।

आगामी सहयोग के क्षेत्र

दोनों पक्षों ने रक्षा साझेदारी, उन्नत प्रौद्योगिकी, व्यापारिक संबंधों और क्वाड (Quadrilateral Security Dialogue) के तहत सहयोग को और बढ़ाने पर जोर दिया। इस मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने वाली माना जा रहा है।