दिल्ली बॉम्ब ब्लास्ट पर बोले PM मोदी- देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों ...
भूटान दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विस्फोट की घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि वे भारी मन से आए हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पीएम ने जांच एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भूटान/दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भूटान के आधिकारिक दौरे के दौरान दिल्ली में हुए भयावह विस्फोट पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे भारी मन से भूटान पहुंचे हैं, क्योंकि 10 नवंबर की शाम हुई यह त्रासदी पूरे राष्ट्र को गहरे शोक और आघात में डाल गई है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बीती रात वे लगातार दिल्ली में हुई घटना की जांच में जुटी एजेंसियों से संपर्क में रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। उन्होंने कहा कि इस भयावह घटना के पीछे जो भी षड्यंत्र है, उसकी तह तक जाकर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।
पीएम मोदी ने कहा- ‘किसी भी कीमत पर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’
प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों तक पहुंचने का निर्देश दे दिया गया है।
भूटान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और भूटान के संबंध सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक हैं- ‘यह रिश्ता समय के साथ और अधिक मजबूत होगा।‘
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत, भूटान के विकास और समृद्धि के हर कदम पर उसके साथ खड़ा रहेगा।
