'भारत नेपाल का भरोसेमंद साझेदार', पीएम मोदी ने बालेन शाह के साथ बैठक में क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के विजन की तारीफ करते हुए भारत को नेपाल का भरोसेमंद साझेदार बताया। नई दिल्ली में दोनों नेताओं की बैठक में व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, तकनीक, स्टार्टअप और खेल सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा भी शुरू हुई।
भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) के बीच सोमवार को नई दिल्ली में अहम बातचीत हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के विकास और भविष्य को लेकर बालेन शाह के विजन की सराहना की और भारत को नेपाल का भरोसेमंद साझेदार बताया। दोनों नेताओं की मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने पर जोर
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। सोमवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच बैठक हुई। दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंधों को भी महत्वपूर्ण बताया गया। दोनों देशों के बीच सहयोग को और व्यापक बनाने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा भी शुरू
भारत और नेपाल के संबंधों को नई मजबूती देने के लिए अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत भी दोनों नेताओं ने की। यह रेल सेवा दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने के साथ यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने में मदद करेगी।
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा, व्यापार, परिवहन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी कई पहल पर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
