PM मोदी ने ताशकंद में शास्त्री जी को किया याद, बोले- उनका समर्पण हर पीढ़ी को प्रेरित करता है
Tashkent : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। उज्बेकिस्तान के दो दिवसीय राजकीय दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी सेंट्रल ताशकंद स्थित शास्त्री स्ट्रीट के ग्रीन पार्क एरिया में बने शास्त्री स्मारक पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शास्त्री जी को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी तस्वीर भी साझा की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए कहा कि देश उन्हें एक ऐसे महान नेता के रूप में याद करता है, जिनका भारत के प्रति अटूट समर्पण आज भी हर पीढ़ी को प्रेरित करता है।
ताशकंद में शास्त्री के नाम पर सड़क और प्रतिमा
लाल बहादुर शास्त्री की स्मृति और उनकी शांति की विरासत को सम्मान देने के लिए ताशकंद की स्थानीय सरकार ने सेंट्रल ताशकंद की एक सड़क का नाम ‘शास्त्री स्ट्रीट’ रखा है। इसी क्षेत्र में उनकी कांस्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
‘जय जवान, जय किसान’ को किया याद
विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी के शास्त्री स्मारक पहुंचने की जानकारी साझा करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का जीवन सादगी, साहस और देश के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था।
MEA ने कहा कि शास्त्री जी का कालजयी नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश की कई पीढ़ियों को प्रेरित करता है।
प्रधानमंत्री मोदी की शास्त्री स्मारक यात्रा भारत और उज्बेकिस्तान के ऐतिहासिक संबंधों तथा दोनों देशों के बीच साझा स्मृतियों को भी रेखांकित करती है।
