Movie prime

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीएम मोदी ने ट्रंप को कहा Thanku, बोले– मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बल

 
PM Modi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते (इंटरिम ट्रेड डील) के ढांचे पर सहमति बन गई है। इसे दोनों देशों के लिए बड़ी खुशखबरी बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती की दिशा में अहम कदम है।

प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों को लेकर उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता इस सहमति में साफ दिखाई देती है।

‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बड़ा फायदा

पीएम मोदी ने कहा कि यह ट्रेड फ्रेमवर्क भारत और अमेरिका की साझेदारी में बढ़ते विश्वास, गहराई और गतिशीलता को दर्शाता है। इससे भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्योगों, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को और मजबूत करेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगा, खासकर महिलाओं और युवाओं के लिए।

निवेश और टेक्नोलॉजी साझेदारी होगी और मजबूत

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। यह ट्रेड फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को नई ऊंचाई देगा। इसके साथ ही आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक लचीला और भरोसेमंद बनाने में भी मदद करेगा, जिससे वैश्विक विकास को गति मिलेगी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत विकसित निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए ऐसी वैश्विक साझेदारियां तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो लोगों को सशक्त बनाएंगी और साझा समृद्धि में योगदान देंगी।

अमेरिका से 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा भारत

भारत-अमेरिका के संयुक्त बयान के अनुसार, भारत अगले पांच वर्षों में अमेरिका से करीब 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा। इसमें ऊर्जा उत्पाद, विमान और उनके पुर्जे, कीमती धातुएं, टेक्नोलॉजी से जुड़े उत्पाद और कोकिंग कोल शामिल हैं। इसके अलावा डेटा सेंटर में उपयोग होने वाले ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) और अन्य तकनीकी उत्पादों के व्यापार को बढ़ाने पर भी सहमति बनी है। दोनों देशों ने डिजिटल ट्रेड के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नियम बनाने पर भी सहमति जताई है।

यह ट्रेड डील भारत-अमेरिका रिश्तों को नई दिशा देने के साथ-साथ आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।