काशी में 50 हजार महिलाओं को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, विपक्ष पर साधेंगे निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी दौरे पर आएंगे, जहां वे बरेका मैदान में 50 हजार महिलाओं के साथ ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। महिला आरक्षण मुद्दे पर विपक्ष को घेरने के साथ कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी काशी दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के संसद में पारित न होने के बाद प्रधानमंत्री विपक्षी दलों पर लगातार हमलावर हैं। इसी क्रम में 28 अप्रैल को काशी पहुंचकर वे एक बड़े कार्यक्रम के जरिए अपनी बात रखेंगे।
प्रधानमंत्री बरेका मैदान में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में करीब 50 हजार महिलाओं को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस मंच से वह महिला आरक्षण मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश देंगे।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे बरेका के लिए रवाना होंगे। यहां उनकी जनसभा और महिला सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 अप्रैल को वाराणसी आकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। वह सभा स्थल का निरीक्षण, समीक्षा बैठक और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जांच भी कर सकते हैं। हालांकि, उनका विस्तृत कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान वाराणसी में लगभग एक दर्जन परियोजनाओं का लोकार्पण और दो दर्जन परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा सारनाथ स्थित तिब्बती संस्थान में तैयार ‘सौवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल’ के लोकार्पण को लेकर भी चर्चा चल रही है, हालांकि इस कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय अभी स्पष्ट नहीं है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री महिला आरक्षण विधेयक पास होने के बाद संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में महिला सम्मेलन कर चुके हैं। लेकिन इस बार का कार्यक्रम बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों में हो रहा है, जिससे इसका महत्व और बढ़ गया है।
