Movie prime

सेशेल्स दौरे पर पीएम मोदी, राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि; हिंद महासागर में बढ़ेगा भारत का प्रभाव
 

 
 सेशेल्स दौरे पर पीएम मोदी, राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि; हिंद महासागर में बढ़ेगा भारत का प्रभाव
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर होने वाली इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री देश के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समारोह में भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी के साथ भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे, जो दोनों देशों के मजबूत रक्षा संबंधों को प्रदर्शित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले वर्ष 2015 में सेशेल्स की यात्रा कर चुके हैं।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर बढ़ती अस्थिरता के बीच सेशेल्स का सामरिक महत्व और बढ़ गया है। हिंद महासागर के पश्चिमी भाग में स्थित यह द्वीपीय देश भारत की ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री व्यापार मार्गों की दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया और अफ्रीका से आयात करता है, जो मुख्य रूप से हिंद महासागर के समुद्री रास्तों से होकर आता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ती सक्रियता के बीच भारत सेशेल्स के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है। दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा, हाइड्रोग्राफी, रक्षा क्षमता निर्माण और आर्थिक सहयोग के क्षेत्र में लंबे समय से साझेदारी रही है।

फरवरी 2026 में सेशेल्स के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान सतत विकास, आर्थिक वृद्धि और सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक साझा दृष्टि प्रपत्र भी जारी किया गया था।

इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। भारत हिंद महासागर क्षेत्र में स्वयं को ‘नेट सिक्योरिटी प्रोवाइडर’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है और सेशेल्स जैसे रणनीतिक साझेदारों के साथ मजबूत संबंध क्षेत्रीय स्थिरता और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।