Movie prime

PM मोदी की देशवासियों से अपील- ‘विदेश यात्रा से बचें, सोना न खरीदें’, जानिए वजह
 

 
 PM मोदी की देशवासियों से अपील- ‘विदेश यात्रा से बचें, सोना न खरीदें’, जानिए वजह
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। भारत की अर्थव्यवस्था ने अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की है। इस शानदार जीडीपी ग्रोथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी और इसे सामूहिक शक्ति, संकल्प और मेहनत का परिणाम बताया। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने की अपील की।

मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर से देश में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देशवासियों के संकल्प और कड़ी मेहनत का प्रमाण है।

वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत की मजबूत ग्रोथ

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध और कई तरह के संकटों से गुजर रही है। वैश्विक स्तर पर सप्लाई चेन प्रभावित हुई हैं और कोविड-19 के दौर के बाद से लगातार आर्थिक और भू-राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है। इसके बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की आर्थिक प्रगति देश की मजबूती को दर्शाती है।

स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से खरीदारी और यात्रा के दौरान स्वदेशी विकल्पों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने विदेश यात्रा और विदेशों में डेस्टिनेशन वेडिंग के बजाय भारत में ही पर्यटन और शादी समारोह आयोजित करने पर जोर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को ‘वेड इन इंडिया’ के मंत्र को अपनाना चाहिए। उन्होंने गैर-जरूरी सोने की खरीद से बचने की भी अपील की। प्रधानमंत्री के मुताबिक, स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने से देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भरता पर लगातार जोर दिया जाता रहा तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश अपने युवाओं को एक विकसित भारत सौंपने में सफल होगा।

उन्होंने कहा कि देश की नीतियां सही दिशा में हैं, इरादे स्पष्ट हैं और 140 करोड़ देशवासियों की एकजुट ताकत भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। पीएम मोदी ने देशवासियों से आर्थिक प्रगति का जश्न मनाने के साथ-साथ विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।

अप्रैल-जून तिमाही में 7.8% GDP ग्रोथ

गौरतलब है कि सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी। यह वृद्धि बाजार की उम्मीदों से बेहतर रही। वैश्विक तनाव, युद्ध और आर्थिक अनिश्चितता के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत रफ्तार को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।