मैक्रों के साथ PC में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, बोले- 'भारत-फ्रांस बनाएंगे एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ाने वाला हेलीकॉप्टर'...
नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-फ्रांस संबंधों को नई दिशा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि फ्रांस भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक है और दोनों देशों की दोस्ती अब “स्पेशस, ग्लोबल और स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” के रूप में आगे बढ़ रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह साझेदारी केवल द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्थिरता और प्रगति को मजबूती देने वाली है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मिलकर इस साझेदारी को अभूतपूर्व गहराई और नई ऊर्जा दी गई है।
H-125 हेलीकॉप्टर का भारत में निर्माण
प्रधानमंत्री ने एच-125 हेलीकॉप्टर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर ऐसा हेलीकॉप्टर भारत में बनाएंगे, जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भरने में सक्षम होगा। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि यह दुनिया का पहला ऐसा हेलीकॉप्टर होगा और इसे भारत से वैश्विक बाजार में निर्यात किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारत-फ्रांस व्यापारिक संबंधों को नई गति मिलेगी।
सहयोग से ही संभव है नवाचार
पीएम मोदी ने कहा कि इनोवेशन कभी अलग-थलग रहकर नहीं होता, बल्कि सहयोग से आगे बढ़ता है। उन्होंने उद्योग, तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में मिलकर काम करने पर जोर दिया। छात्रों और शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान को और सुगम बनाने की भी घोषणा की गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत और फ्रांस मिलकर वैश्विक स्थिरता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इंटरनेशनल सोलर अलायंस और IMEC जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पहल समृद्धि को नई दिशा देंगी।
आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने वैश्विक संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि यूक्रेन, पश्चिम एशिया और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति के प्रयासों का भारत समर्थन करता रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप को जड़ से खत्म करना भारत और फ्रांस की साझा प्रतिबद्धता है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही फ्रांस में स्वामी विवेकानंद कल्चर सेंटर की स्थापना की जाएगी, जो दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगा।
भविष्य की साझेदारी के नए प्लेटफॉर्म
प्रधानमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर, डिजिटल साइंस और टेक्नोलॉजी के लिए नया केंद्र तथा एयरोनॉटिक्स में स्किलिंग के लिए नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू किए जाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत-फ्रांस की यह साझेदारी केवल वर्तमान की जरूरतों को नहीं, बल्कि भविष्य के निर्माण को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जा रही है। ऐसे समय में जब दुनिया अनिश्चितताओं से जूझ रही है, भारत-फ्रांस संबंध वैश्विक स्थिरता के लिए एक मजबूत स्तंभ बनकर उभर रहे हैं।
