Movie prime

नीति आयोग बैठक में PM मोदी का बड़ा संदेश: वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत विकास की राह पर तेजी से आगे
 

 
 नीति आयोग बैठक में PM मोदी का बड़ा संदेश: वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत विकास की राह पर तेजी से आगे
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। PM Narendra Modi ने गुरुवार को नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वैश्विक अस्थिरता और अनिश्चितताओं के बावजूद भारत आत्मविश्वास और मजबूत संकल्प के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्यों की सामूहिक जिम्मेदारी पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है और यह एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, बाजार की मांग के अनुरूप कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि सक्षम और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की नींव मजबूत करेंगे।

व्यापार और उद्योग के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिससे भारतीय उत्पादों के निर्यात के नए रास्ते खुले हैं। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए यह बड़ा अवसर है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार खुद को तैयार करना होगा ताकि वे वैश्विक बाजार में मजबूती से प्रतिस्पर्धा कर सकें।

प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को विकसित भारत का अहम आधार बताते हुए कहा कि महिलाएं खेती, स्टार्टअप, विज्ञान और नवाचार सहित हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने राज्यों से महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने की अपील की।

बैठक में सहकारी संघवाद की भावना पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र और राज्यों को मिलकर विकास की गति तेज करनी होगी। उन्होंने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।