हैदराबाद में PM मोदी का दिखा मजाकिया अंदाज, CM रेवंत रेड्डी समेत सभी नेताओं की मंच पर छूटी हंसी
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Revanth Reddy के बीच मंच पर दिलचस्प और हल्का-फुल्का संवाद देखने को मिला।
कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मजाकिया अंदाज में कहा कि केंद्र सरकार उन्हें उतना सब कुछ देने के लिए तैयार है, जितना पिछले 10 वर्षों में गुजरात को दिया गया। हालांकि उन्होंने तुरंत मुस्कुराते हुए यह भी जोड़ दिया कि अगर ऐसा किया गया, तो तेलंगाना को अभी जो मिल रहा है, वह आधा रह जाएगा। पीएम मोदी की यह बात सुनकर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी समेत कई नेता हंस पड़े।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रेवंत रेड्डी ने उनसे राजनीति पर चर्चा न करने की बात कही थी, इसलिए वे भी गैर-राजनीतिक विषय पर ही बात करेंगे। पीएम मोदी ने कहा, मैं आपको उतना सब कुछ देने के लिए तैयार हूं, जितना भारत सरकार ने अपने 10 साल के शासनकाल में गुजरात को दिया है। लेकिन अपने अनुभव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि जैसे ही मैं ऐसा करूंगा, आपको अभी जो कुछ मिल रहा है, वह आधा रह जाएगा। इसलिए उससे बेहतर है कि आप मेरे साथ आ जाइए।
#WATCH | Hyderabad, Telangana: Prime Minister Narendra Modi says, "... I would like to tell Revanth Reddy that whatever the Government of India has given to Gujarat in 10 years of rule, I am ready to give to you, but based on my knowledge that as soon as I do that, what you are… https://t.co/t8yEOK08wx pic.twitter.com/hFkOVtyxjM
— ANI (@ANI) May 10, 2026
प्रधानमंत्री के इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं और मंच पर भी हंसी का माहौल बन गया।
रेवंत रेड्डी ने दिया था ‘गुजरात मॉडल’ का उदाहरण
इससे पहले मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh और नरेंद्र मोदी के गुजरात मॉडल का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब केंद्र सरकार ने गुजरात के विकास में हर संभव मदद की थी। उसी तरह अब तेलंगाना की जनता को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में राज्य के लिए भी एक मजबूत “तेलंगाना मॉडल” तैयार होगा।
2034 तक 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना देश की कुल आबादी का 3 प्रतिशत से भी कम हिस्सा रखता है, लेकिन राज्य का लक्ष्य देश की अर्थव्यवस्था में 10 प्रतिशत योगदान देना है।
उन्होंने कहा कि जब भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा, तब तेलंगाना भी 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल करना चाहता है।
‘तेलंगाना राइजिंग 2047’ का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘विकसित भारत’ अभियान से जुड़ते हुए ‘तेलंगाना राइजिंग 2047’ कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है।
रेवंत रेड्डी ने इसे सिर्फ केंद्र सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास का उत्सव बताते हुए कहा कि तेलंगाना को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों का सहयोग बेहद जरूरी है।
