Movie prime

PM मोदी का मलेशिया दौरा: भारतीय समुदाय को किया संबोधित बोले- कुआलालंपुर से कोच्चि तक एक जैसा खाना
 

 
 PM मोदी का मलेशिया दौरा: भारतीय समुदाय को किया संबोधित बोले- कुआलालंपुर से कोच्चि तक एक जैसा खाना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शनिवार को मलेशिया पहुंचे हैं, जहां उन्होंने भारत-मलेशिया के गहरे सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों पर जोर दिया। यह 2026 में उनकी पहली विदेश यात्रा है, जो मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रही है।

कुआलालंपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम ने खुद स्वागत किया और एक ही कार में सवार होकर भारतीय समुदाय के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इस आत्मीय स्वागत की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह भारत के प्रति मलेशिया के प्यार और सम्मान का प्रतीक है, जो लंबे समय तक याद रहेगा।

कुआलालंपुर में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, वैश्विक शक्ति के रूप में उभरने और दोनों देशों के साझा सांस्कृतिक धरोहर पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "मलेशिया में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय मूल की आबादी है। आप दोनों देशों के बीच जीवंत पुल हैं।" 

पीएम मोदी ने साझा खान-पान की संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि कुआलालंपुर से कोच्चि तक खाने का स्वाद एक जैसा लगता है। उन्होंने रोती चनाई को मालाबार परोट्टा, नारियल, मसालों और चाय तारिक से जोड़ते हुए कहा कि ये चीजें दोनों देशों के दिलों को जोड़ती हैं। उन्होंने तमिल भाषा और संस्कृति की वैश्विक महत्वता पर भी जोर दिया और कहा कि तमिल भारत का दुनिया से जुड़ाव है।

इस दौरान पीएम मोदी ने भारत की फिल्मों, संगीत और सांस्कृतिक प्रभाव का भी उल्लेख किया, जो मलेशिया में काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने पिछले साल आसियान समिट में न आ पाने का जिक्र करते हुए वादा निभाने की बात कही और मजबूत रक्षा, सुरक्षा, आर्थिक एवं नवाचार सहयोग पर आगे बढ़ने की इच्छा जताई।

यह यात्रा भारत-मलेशिया की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा और क्षेत्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।