बिहार एनकाउंटर पर गरमाई सियासत, AIMIM का सवाल- क्या खत्म हो गई न्यायिक व्यवस्था?
Patna : बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और लगातार सामने आ रही एनकाउंटर की घटनाओं ने सियासी बहस को तेज कर दिया है। इसी मुद्दे पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए हैं।
‘क्या न्यायिक व्यवस्था खत्म हो गई है?’
अख्तरूल ईमान ने एनकाउंटर की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश का ज्यूडिशियल सिस्टम खत्म हो गया है? उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन वह सजा न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही होनी चाहिए। जरूरत पड़े तो फांसी दी जाए, लेकिन बिना अदालत के फैसले के एनकाउंटर सही नहीं है।
सरकार पर सीधा हमला
AIMIM नेता ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब आम नागरिक अदालत के आदेश का पालन नहीं करता तो उसे अवमानना माना जाता है, लेकिन सरकारें खुद ही कोर्ट के आदेशों की अनदेखी कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे न्याय व्यवस्था कमजोर होती है और सरकारें खुद अदालतों का मजाक उड़ा रही हैं।
अख्तरूल ईमान का कहना है कि अगर अदालतों के फैसलों को पूरी ईमानदारी से लागू किया जाए, तो समाज में अपराध अपने आप कम हो जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में डर नहीं, बल्कि न्याय का माहौल होना चाहिए।
सियासी घमासान के आसार
एनकाउंटर को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) इसे अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति बता रही है, वहीं विपक्ष इसे न्यायिक प्रक्रिया से बाहर की कार्रवाई करार दे रहा है।
इस बयान के बाद बिहार की राजनीति और गरमाने के आसार हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और अन्य राजनीतिक दल AIMIM के इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
